: संगीत को लेकर सुने ताने, लेकिन आज टी-सीरीज के लिए गा चुके हैं 200 से अधिक गाने
admin
Sat, Jan 25, 2025
औरंगाबाद:- कहते हैं कोई काम करो तो अपने मन से करो, क्योंकि समाज क्या कहेगा, यह हम सोचेंगे, तो आगे नहीं बढ़ पाएंगे, तो हम आपको औरंगाबाद के ऐसे संगीत के कलाकार के बारे में बताते हैं, जिन्होंने शुरुआत में समाज के ताने सुनने के बाद भी संगीत को नहीं छोड़ा और आज वह कई बड़ी म्यूजिक कंपनी के लिए गाना गा चुके हैं. दरअसल ये हैं औरंगाबाद जिले के कलाकार सुनील मौआर , जिन्होंने अपनी कला से जिले का नाम, पूरे देश में रोशन किया है. सुनील मौआर वर्तमान में संगीत शिक्षक हैं. इन्होंने 200 सौ से अधिक गाने प्रसिद्ध म्यूजिक कंपनी टीसीरीज के लिए गाए हैं.

कई म्यूजिक शो का बने हिस्सा
औरंगाबाद जिले के बारुण प्रखंड के मौआर खैरा गांव निवासी सुनील मौआर ने बताया, कि उन्होंने संगीत का प्रशिक्षण 1998 में लिया था. उस समय संगीत में पहचान बनाना किसी चुनौती से कम नहीं था. शुरुआत में इसके लिए उन्हें गांव और समाज से कई ताने भी मिले, लेकिन वो कहते हैं, कि संगीत को मैंने कभी नहीं छोड़ा. आपको बता दें, कि सुनील मौआर ने सुर संग्राम, झूमो नाचो गांव, भारत की शान जैसे कई टीवी शो में हिस्सा लिया है.
साल 2016 में बने म्यूजिक टीचर
सुनील मौआर ने बताया, कि संगीत में उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ पियानो से ग्रेड 4, MMUS की डिग्री ली है, और साल 2016 में संगीत शिक्षक के रूप में उनकी नौकरी लगी, जिसके बाद से जिले के सैकड़ों बच्चों को संगीत का प्रशिक्षण दिया है. वहीं इन्होंने मुंबई में मशहूर म्यूजिक कंपनी टीसीरीज के लिए 200 से अधिक गाने गाए हैं. वे बताते हैं, कि उनसे सीखे हुए बच्चे जिले सहित अन्य राज्यों में जाकर अपनी प्रतिभा को दिखा रहे हैं.
संगीत में भी बेहतर कर सकते हैं युवा कलाकार
आगे उन्होंने कहा, कि संगीत सीखने वाले युवा कलाकारों को लाइम लाइट के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए. अगर युवा कलाकार अपनी कला पर ध्यान देंगे, तो उन्हें कामयाबी जरूर मिलेगी, साथ ही सभी बच्चे अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान दें. आगे वे कहते हैं, कि संगीत में भी डिग्री व कोर्स हैं, जिसे करने के बाद बच्चे सरकारी नौकरी ले सकते हैं. ऐसे में बच्चों को इन डिग्रियों को जरूर लेना चाहिए.
Tags: